फूलपुर। कस्बे के एक युवक को नशील पदार्थ सुंघा कर उच्चके ने 1.05 लाख रुपये उड़ा दिए। पीड़ित ने घटना के बाबत थाने में तहरीर दिया है, वहीं पुलिस मामले को संदिग्ध मान रही है और पिता-पुत्र के बीच पैसे के लेनदेन का विवाद बता रही है।
फूलपुर कस्बा के सोनकर बस्ती निवासी आकाश सोनकर मंगलवार को पीएनबी बैंक की शाखा पर 1.05 लाख रुपये लेकर जमा करने के लिए गया था। उसके पहुंचते ही बैंक में लंच ब्रेक हो गया था। वह पैसे के साथ बैंक परिसर में ही बैठ गया। आकाश ने बताया कि पहले से बैंक में मौजूद दो व्यक्ति उसके पास आए। उन्होंने अनुरोध किया वह उनका पैसा भी जमा करवा दे। पैसा देने के लिए वे उसे अपने साथ लेकर जगदीशपुर पुल तक गए। वहां दोनों युवकों ने रुमाल में लिपटी एक गड्डी दी। रुमाल में कोई नशीला पदार्थ लगा था, जिसके प्रभाव से उसे चक्कर आने लगा। तभी युवक उससे रुपये छीनकर फरार हो गए। कुछ देर बाद होश में आने पर युवक ने फूलपुर कोतवाली पुलिस को घटना से अवगत कराया। जिस पर पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई। वहीं घटना के बाबत प्रभारी निरीक्षक फूलपुर का कहना है कि मामला संदिग्ध है। पिता-पुत्र के बीच पैसे के लेनदेन का कुछ मामला है। जिसकी जांच पड़ताल की जा रही है।