तारुन। ऊंचगांव के पास रविवार देर रात हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करके जांच शुरू की है।
ककराही निवासी उदय नारायण वर्मा के अनुसार 22 मार्च की रात करीब 10:45 बजे उनके रिश्तेदार विशाल वर्मा अपनी मां कालुका देवी और भांजे आरुष के साथ स्कूटी से तारुन की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही एक बाइक से ऊंचगांव के पास टक्कर हो गई। हादसे में स्कूटी सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक सवार महिला और बच्चा गिरकर चोटिल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें दर्शन नगर स्थित मंडलीय चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान विशाल वर्मा की मौत हो गई। थाना प्रभारी देवेंद्र पांडेय ने बताया कि जांच की जा रही है।