मया बाजार। रामलीला मैदान में आयोजित दो दिवसीय कुश्ती प्रतियोगिता के अंतिम दिन उत्तराखंड के पहलवानों का दबदबा रहा। प्रख्यात पहलवान लाडी बाबा, हरिद्वार के भगत बाबा उर्फ उड़नखटोला व सोनू ने अपने दांवपेच से दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी। शुक्रवार को दंगल की शुरुआत देवरा दाउतपुर की प्रधान व भाजपा नेता शशिप्रभा सिंह पहलवानों का हाथ मिलवाकर किया।
नेपाल के लकी थापा ने दर्शकों को रोमांचित करते हुए राजस्थान के शमशेर को दूसरे दिन भी चित किया। दर्शकों की मांग पर लकी थापा व शमशेर को शुक्रवार को भी लड़ाया गया। वलियर शरीफ उत्तराखंड के बाबा फकीर ने मुजफ्फरपुर टोनी पहलवान को शिकस्त दी। भगत बाबा उर्फ उड़नखटोला हरिद्वार ने हरियाणा के विजय पहलवान को धूल चटाया। सोनू पहलवान ने जम्मू के रिजवान गनी को कड़े मुकाबले में धोबिया पछाड़ दांव से पटखनी दी। दिल्ली के कक्कू पहलवान ने मेरठ के शाकिर नूर को परास्त कर दर्शकों को रोमांचित किया। उत्तराखंड के लाडी बाबा ने जम्मू के जावेद गनी को हवा में उठाकर चित कर दर्शकों की भीड़ को आनंदित किया।
महिला पहलवानों में वाराणसी की प्रीति ने गोरखपुर की सीमा को हराने में कामयाब रहीं। कुश्ती का सबसे रोमांचक पल तब आया जब महिला व पुरुष की कुश्ती का एलान किया गया। खुशबू ने रोमांचकारी मुकाबले में कुँवर सिंह को हराकर नारी शक्ति का लोहा मनवाया। आयोजक अखंड प्रताप सिंह, उत्कर्ष सिंह, संयोजक कैप्टन सिंह, ध्रुव गुप्त, ऋषि पांडेय, शत्रुघ्न मोदनवाल, शुभम प्रताप सिंह ,राजमंगल सिंह व अविचल सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।