अयोध्या। महर्षि योगी विद्यालय के पास पूर्व महापौर ऋषिकेश उपाध्याय के निर्माणाधीन होटल में काम करते समय छत से गिरकर गोंडा, नवाबगंज के दौलतपुर निवासी मजदूर भोला शर्मा की मौत हो गई। मजदूर के भाई ज्वाला प्रसाद की तहरीर पर कोतवाली अयोध्या पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तीन सितंबर को भोला शर्मा निर्माणाधीन होटल में काम करने आया था। गांव का पप्पू शर्मा भी मौके पर मौजूद था। दोपहर करीब दो बजे काम के दौरान भोला छत से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोग उसे श्रीराम चिकित्सालय अयोध्या लेकर पहुंचे।
हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने दर्शननगर स्थित ट्राॅमा सेंटर रेफर कर दिया। ट्राॅमा सेंटर ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। भाई ने किसी व्यक्ति की लापरवाही के कारण हादसा होने की आशंका जताई है। सीओ अयोध्या आशुतोष तिवारी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।