बरसेंडी गांव में शोक सभा में दुखीराम को श्रद्धांजलि देते सांसद अवधेश प्रसाद व अन्य।
सोहावल। रौनाही थाना क्षेत्र के हाजीपुर बरसेंडी गांव में कोटा चयन के दौरान हुई दलित दुखीराम की मौत के बाद रविवार को समाजवादी पार्टी ने शोकसभा का आयोजन किया। साथ ही आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई न होने पर एक अक्तूबर को जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी भी दी है।
सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि रौनाही थाना प्रभारी दलित युवक की मौत के जिम्मेदार हैं। पहले से आरक्षित कोटा को सामान्य कोटा करने में साजिश हुई है। जातिवाद के कारण गरीब दलित को वंचित करने के लिए राजनीतिक साजिश में कोटा बदल दिया गया। पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये की आर्थिक मदद, उनकी पत्नी को सरकारी कोटा मिलने तक सपा चुप नहीं बैठेगी।
कहा कि यह सरकार जाति-धर्म देखकर कार्रवाई करती है। इसी कारण थाना प्रभारी को बचाने में पूरा प्रशासन लगा हुआ है। 30 सितंबर तक आरोपी थानाध्यक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता नहीं दी गई तो एक अक्तूबर को जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। सत्ता पक्ष के कुछ लोग पीड़ित परिवार से बचाव के लिए कागजों पर दस्तखत कराने का प्रयास कर रहे थे। सांसद ने मृतक के भाई काशीराम रावत को तीन दिन में सपा की ओर से एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिलाने व बेटी की शादी का जिम्मा लेने का आश्वासन दिया। इस मौके पर सपा जिलाध्यक्ष पारसनाथ यादव, पूर्व विधायक जयशंकर पांडेय, जय सिंह यादव राणा, राघवेंद्र प्रताप सिंह अनूप, राम चंदर रावत, रंजीतराम रावत, अनुभव रावत, राकेश वर्मा, जितेंद्र रावत आदि मौजूद रहे।