सार्वजनिक शौचालय का निरीक्षण करते नगर आयुक्त ।
अयोध्या। भीषण गर्मी के बीच नगर आयुक्त जयेन्द्र कुमार ने रविवार को पेयजल व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने श्रद्धालुओं और आमजन को शुद्ध व ठंडा पानी उपलब्ध कराने की व्यवस्थाएं देखीं। धर्मपथ क्षेत्र में खराब वाटर कियोस्क और श्रंगार हाट पर गंदगी मिलने पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताई।
उन्होंने तत्काल व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। रामपथ, धर्मपथ, भक्तिपथ सहित प्रमुख स्थलों पर कियोस्क, कूलर और टीटीएसपी इकाइयों की जांच की। जल गुणवत्ता, टीडीएस स्तर और मशीनों का संचालन परखा गया। जयेन्द्र कुमार ने जिला अस्पताल, सार्वजनिक शौचालयों समेत कई स्थानों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं शीतल पेयजल उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है। सभी कियोस्क व कूलरों की नियमित निगरानी और तकनीकी खराबियां तुरंत ठीक करने के आदेश दिए गए।