अयोध्या। नवरात्र और ईद पर अयोध्या रूट की ट्रेनों में सीट के लिए मारामारी चल रही है। आरक्षित सीटें पूरी तरह भर चुकी हैं। इतना ही नहीं प्रतीक्षा सूची भी सौ के पार चल रही है। तत्काल टिकट भी उपलब्ध न हो पाने से त्योहार पर गंतव्य तक पहुंचने को लेकर जरूरतमंदों को परेशानी उठाना पड़ रही है।
अयोध्या कैंट स्टेशन से होकर गुजरने वाली ट्रेनों में कैफियत एक्सप्रेस (अजमेर-आजमगढ़) और फरक्का एक्सप्रेस (दिल्ली-मालदा टाउन) इस समय रिग्रेट स्थिति में चल रही हैं। इनमें कन्फर्म टिकट की कोई संभावना नहीं बची है। वहीं, साबरमती एक्सप्रेस (अहमदाबाद-वाराणसी), कोलकाता एक्सप्रेस और दून एक्सप्रेस (देहरादून-हावड़ा) में 100 से 150 के बीच वेटिंग चल रही है। कुछ तिथियों पर यह वेटिंग 200 तक पहुंच गई है।
कैंट से कानपुर जाने वाले श्रीकांत मद्धेशिया ने बताया कि पिछले एक हफ्ता से टिकट बुक कराने का प्रयास कर रहे हैं लेकिन वेटिंग 120 से कम होने का नाम नहीं ले रही है। अहमदाबाद जाने के लिए 25 मार्च की तारीख में 113 वेटिंग मिली है। (