बीकापुर। महाकुंभ स्नान के चलते श्रद्धालुओं की उमड़ती भीड़ से अयोध्या-प्रयागराज हाईवे पर जाम लगा रहा। वाहनों की संख्या में बढ़ोत्तरी से वाहन रेंगते दिखे। रविवार को जलालपुर माफी तिराहे से टोल प्लाजा तक जाम लगा रहा। दोपहर में हाईवे पर वाहनों की कतार के चलते पुलिस ने अयोध्या जाने वाले वाले वाहनों को खजुरहट चौराहे से मिल्कीपुर की तरफ व जलालपुर माफी से तारुन की तरफ मोड़ दिया।
हाईवे किनारे कई एकड़ क्षेत्रफल में फैले मिलिट्री ग्राउंड को यातायात नियंत्रण के लिए होल्डिंग एरिया बनाया गया है। इसकी क्षमता करीब 4,000 हजार वाहनों को रोकने की है। हालांकि छाया न होने और आस-पास जलपान की उपयुक्त व्यवस्था न होने से श्रद्धालुओं को दिक्कत भी होती है। प्रभारी निरीक्षक लालचंद सरोज ने बताया कि होल्डिंग एरिया से श्रद्धालुओं के वाहन क्रमवार आधे से एक घंटे के भीतर छोड़े जाते हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा का पूरा ध्यान रखा जाता है।
झारखंड निवासी मणि कुमार ने बताया कि टूरिस्ट वाहन से प्रयागराज स्नान करने के बाद वह अन्य श्रद्धालुओं के साथ अयोध्या धाम जा रहे हैं। रास्ते में कई जगह रूट डायवर्जन होने से काफी दिक्कत हुई। नेपाल की आंचल शर्मा बच्चे के साथ निजी वाहन से महाकुंभ स्नान करने गई थीं। लौटते समय होल्डिंग एरिया में रोक दिया गया। रास्ते में दूध, नाश्ता और भोजन के लिए दिक्कत हुई। हैदराबाद निवासी रवि सोनी और संध्या सोनी चार फरवरी से तीर्थ यात्रा पर निकले हैं। बताया कि वाराणसी और प्रयागराज से अयोध्या जा रहे हैं। कई जगह रूट डायवर्जन से 30-40 किलोमीटर तक अतिरिक्त दूरी तय करना पड़ा। खाने-पीने की वस्तुएं भी महंगी मिलीं।
राजस्थान के दौसा निवासी बुजुर्ग उदयभान अन्य श्रद्धालुओं के साथ टूरिस्ट बस से रविवार की दोपहर बीकापुर होल्डिंग एरिया पहुंचे। उन्होंने बताया कि बीच-बीच में ठहराव होने से समय अधिक लग रहा है। धनबाद निवासी गणेश गोस्वामी ने बताया कि वाराणसी, प्रयागराज होकर अयोध्या धाम जा रहे हैं। रात से भोजन नहीं किए हैं। अयोध्या धाम में सुबह दर्शन-पूजन करके भोजन व नाश्ता करने की योजना थी, लेकिन रूट डायवर्जन व जाम से अभी तक अयोध्या नहीं पहुंच सके हैं।