ट्राफी के साथ मौजूद उत्तर प्रदेश की बालिका टीम।
अयोध्या। हरिद्वार में आयोजित ऑल इंडिया टेनिस बॉल क्रिकेट चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश की बालिका टीम ने लगातार छठी बार विजेता बनने का गौरव हासिल किया। खास बात यह रही कि बालक और बालिका दोनों ही वर्गों में उत्तर प्रदेश ने जीत का परचम लहराया। अयोध्या की आठ खिलाड़ियों ने टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
टूर्नामेंट में उत्तर प्रदेश का प्रदर्शन शुरू से ही दमदार रहा। लीग मुकाबलों में टीम ने जम्मू-कश्मीर, तमिलनाडु और बिहार को हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। क्वार्टर फाइनल में पांडिचेरी को हराने के बाद सेमीफाइनल में ऑल इंडिया इंडस्ट्रियल बोर्ड की टीम को भी पराजित किया। फाइनल मुकाबले में एक बार फिर तमिलनाडु को हराकर खिताब अपने नाम किया। फाइनल में उत्तर प्रदेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आठ ओवर में दो विकेट पर 95 रन बनाए, जिसमें मुस्कान जायसवाल (35), ऋषिका तिवारी (25) और दिव्यानी सिंह (20) का अहम योगदान रहा। जवाब में तमिलनाडु की टीम 60 रन ही बना सकी। ऋषिका तिवारी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए शुरुआती ओवर में हैट्रिक विकेट लेकर मैच का रुख पलट दिया। पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के लिए मुस्कान जायसवाल को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज और ऋषिका तिवारी को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज चुना गया। इस उपलब्धि पर उत्तर प्रदेश टेनिस बॉल क्रिकेट संघ के सचिव इमरान अहमद लारी, संघ के उपाध्यक्ष तौसीफ अहमद लारी, कोच रामेंद्र सिंह ने खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।