सहकारी समितियों के बाहर किसानों की लंबी लाइनें लगी हुई हैं। यूरिया न मिलने से नाराज किसान नारेबाजी कर रहे हैं। शुक्रवार को कई केंद्रों पर हंगामे के बीच खाद का वितरण किया गया।
अयोध्या में यूरिया की किल्लत लगातार गहराती जा रही है। साधन सहकारी समितियों और खाद की लाइसेंसी दुकानों पर रोज वितरण होने के बावजूद किसानों की मांग पूरी नहीं हो पा रही है।
विज्ञापन
शुक्रवार को रमेश नगर स्थित एग्री जंक्शन खाद भंडार पर यूरिया वितरण के दौरान भारी भीड़ जुट गई। सुबह से ही किसान लाइनों में लग गए और देखते ही देखते लंबी कतारें बन गईं। यूरिया न मिलने से गुस्साए किसानों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी और हंगामा शुरू कर दिया।
स्थिति यह रही कि हाईवे पर जाम जैसी स्थिति बन गई। सूचना पाकर नायब तहसीलदार मिल्कीपुर रंजन वर्मा और थाना प्रभारी कुमारगंज पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासन और पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित किया और जाम खुलवाया।
पुलिस की मौजूदगी में यूरिया का वितरण कराया गया। हालांकि किसानों का कहना है कि वितरण रोजाना हो रहा है, लेकिन मांग इतनी ज्यादा है कि जरूरत पूरी नहीं हो पा रही। इससे किसान लगातार परेशान हैं।