अयोध्या। फैजाबाद बार एसोसिएशन के सदस्यों की एक बैठक संघ के सभागार में बुधवार को हुई। बैठक में अध्यक्ष सूर्य नारायण सिंह ने बताया कि चंदन त्रिपाठी के साथ दुर्व्यवहार करने वाले पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्यवाही के लिए पत्र भेजा गया था, जिसके संबंध में जवाब नहीं आया है। ऐसे में अधिवक्ताओं ने पुलिस की कार्यशैली पर नाराजगी जाहिर की।अधिवक्ताओं ने कहा कि बनबीरपुर गांव में थार से कुचलने के बाद अस्पताल लाते समय रास्ते में झूठी कहानी बनाकर अधिवक्ता चंदन त्रिपाठी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया। बैठक में पूर्व अध्यक्ष बब्बन प्रसाद चौबे, पूर्व उपाध्यक्ष सौरभ मिश्रा, राधेश्याम मिश्रा, पूर्व कोषाध्यक्ष राज कपूर सिंह आदि ने आरोपी अधिवक्ता के साथ असभ्य भाषा का प्रयोग करते हुए दुर्व्यवहार करने वाले पुलिस कर्मियों को जिले से बाहर ट्रांसफर करने की मांग उठाई। शासन को पत्र भेजकर दोषी पुलिसकर्मियों की बेनामी संपत्ति की जांच कराने की मांग की है।
अध्यक्ष ने बताया कि अधिकारियों को भेजे गए पत्र के जवाब के लिए एक दिन और इंतजार किया जाएगा। बैठक में महामंत्री गिरीश तिवारी, कोषाध्यक्ष वीरेंद्र मिश्रा, रा जीव तिवारी, विजय बहादुर सिंह, अजय वर्मा, अरुण सिंह यादव आदि मौजूद रहे।