अयोध्या। राजकीय इंटर कॉलेज और डॉ. भीमराव आंबेडकर राज्य विद्यालय क्रीड़ा संस्थान, स्पोर्ट्स स्टेडियम मकबरा के खेल मैदान पर आयोजित राष्ट्रीय विद्यालय खो-खो प्रतियोगिता में मुकाबले बेहद रोमांचक रहे।
बालिका वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए उत्तर प्रदेश, पंजाब, तमिलनाडु और महाराष्ट्र ने सेमीफाइनल में स्थान पक्का किया। वहीं बालक वर्ग में उत्तर प्रदेश, पंजाब, महाराष्ट्र और कर्नाटक की टीमें अंतिम चार में पहुंचीं। बालिका वर्ग के क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में पंजाब ने गुजरात, उत्तर प्रदेश ने केरल, तमिलनाडु ने कर्नाटक तथा महाराष्ट्र ने उड़ीसा को पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। सेमीफाइनल में पंजाब का सामना मेजबान उत्तर प्रदेश से होगा, जबकि महाराष्ट्र और तमिलनाडु आमने-सामने होंगी। बालक वर्ग में उत्तर प्रदेश ने तेलंगाना, पंजाब ने उड़ीसा, महाराष्ट्र ने केंद्रीय विद्यालय संगठन (केवीएस) और कर्नाटक ने गुजरात को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। सेमीफाइनल मुकाबले उत्तर प्रदेश-पंजाब तथा महाराष्ट्र-कर्नाटक के बीच खेले जाएंगे।
प्रतियोगिता के टेक्निकल डायरेक्टर विनोद कुमार सिंह ने बताया कि यह टूर्नामेंट खेलो इंडिया क्वालिफाइंग के लिए भी महत्वपूर्ण है। इसके तहत टीमों की सीडिंग निर्धारित की जानी है। इसके लिए मैच मंगलवार को देर शाम तक खेले जाएंगे।
खिलाड़ियों को मिले उपहार, खिले चेहरे
प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागी खिलाड़ियों को ट्रैवल बैग, किट, बोतल और ‘वन जिला-वन प्रोडक्ट’ के तहत उपहार प्रदान किए गए। वितरण का शुभारंभ भाजपा जिला अध्यक्ष संजीव कुमार सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि केंद्र में मोदी और प्रदेश में योगी सरकार खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। खेल आधारित योजनाओं से हजारों खिलाड़ियों को रोजगार मिला है। कहा कि ऐसे राष्ट्रीय आयोजन अयोध्या में खेलों के बेहतर आधार तैयार कर रहे हैं। इस अवसर पर पूर्व नगर अध्यक्ष अभिषेक मिश्रा, महंत संजय दास, हेमंत दास, करुणाकर मिश्रा, संदीप सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।
8-खो-खो प्रतियोगिता में विरोधी को आउट करने के प्रयास में खिलाड़ी।-संवाद