गैलरी नंबर सात में देश के प्रमुख मंदिरों के होंगे दर्शन
नृपेंद्र मिश्र ने बताया कि हालांकि ऑडिटोरियम और अंतरराष्ट्रीय रामकथा संग्रहालय का काम इसके बाद भी जारी रहेगा। संग्रहालय को आधुनिक तकनीक से तैयार किया जा रहा है। इसमें इमर्सिव तकनीक पर आधारित 20 गैलरियां बनाई जा रही हैं।
इनके जरिये रामकथा को नए और तकनीकी अंदाज में प्रस्तुत करने की तैयारी है। नृपेंद्र मिश्र ने बताया कि गैलरी सात में देश के प्रमुख मंदिरों के दिव्य दर्शन कराए जाएंगे, जबकि गैलरी 17 में भगवान राम के वनगमन से जुड़ी नदियों और उनके महत्व को प्रदर्शित किया जाएगा। इस परियोजना में आईआईटी चेन्नई के विशेषज्ञ भी तकनीकी सहयोग दे रहे हैं।
दिसंबर तक बाउंड्रीवॉल, सुरक्षा उपकरणों में लगेंगे दो माह
बैठक में राम मंदिर परिसर की 3400 मीटर लंबी बाउंड्रीवॉल के निर्माण की भी समीक्षा हुई। अब तक बाउंड्रीवॉल का 50 फीसदी काम पूरा हो चुका है। इसे दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं परिसर में सुरक्षा से जुड़े उपकरणों की स्थापना में करीब दो माह लगने की संभावना है। ऑडिटोरियम का निर्माण राजकीय निर्माण निगम करा रहा है। मंदिर परिसर के निर्माण के बाद संग्रहालय और ऑडिटोरियम परिसर की अगली बड़ी परियोजनाओं के तौर पर सामने आएंगे।