अयोध्या में प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना दो दिवसीय अयोध्या दौरे पर हैं। यहां उन्होंने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कई राजनीतिक मुद्दों पर बयान दिया। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जोरदार हमला बोला।
विज्ञापन
उन्होंने कहा, अखिलेश यादव की आजम खान से मुलाकात केवल मुस्लिम वोट बढ़ाने की नौटंकी है। जब आजम खान 23 महीने तक जेल में रहे। तब अखिलेश ने कोई हमदर्दी नहीं दिखाई। अब चुनाव नजदीक आते ही दिखावा किया जा रहा है। आजम खान की नाराजगी पहले से ही साफ दिखती रही है। अखिलेश यादव को डर है कि कहीं आजम खान, शिवपाल यादव के साथ मिलकर कोई नया गठबंधन न बना लें।
आजम खान को फंसाए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि जहां जरूरत होगी, कानून अपना काम करेगा। बिहार चुनाव को लेकर उन्होंने दावा किया कि वहां का माहौल एनडीए के पक्ष में है। निश्चित तौर पर बिहार में पूर्ण बहुमत से एनडीए की सरकार बनेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अयोध्या आगमन को लेकर उन्होंने कहा कि आज जो हम यहां आए हैं, यह उसी का क्रिएशन है।