समिति की बैठक में मौजूद पदाधिकारी।
अयोध्या। सर्किट हाउस में रविवार को केंद्रीय दुर्गापूजा एवं रामलीला समन्वय समिति और बिजली विभाग की संयुक्त बैठक हुई। इसमें दुर्गापूजा और दशहरा उत्सव के दौरान 10 से 26 अक्तूबर तक बिजली कटौती से पूरे जिले को मुक्त रखने की मांग की गई है।
समिति ने जर्जर तार-पोल बदलने, ट्रांसफार्मरों की ओवरहालिंग और आपात स्थिति के लिए मोबाइल ट्रांसफार्मर तैयार रखने समेत कई मांगें रखीं। बिजली विभाग के अधिकारियों ने भी पर्व से पहले व्यवस्थाएं दुरुस्त करने का भरोसा दिया। नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि पिछले वर्षों की अपेक्षा इस बार बिजली व्यवस्था को और बेहतर, सुदृढ़ व स्थायी रखने का प्रयास होगा। केंद्रीय समिति के जिलाध्यक्ष मनोज जायसवाल ने 10 से 26 अक्तूबर तक शत-प्रतिशत बिजली कटौती मुक्त आपूर्ति की मांग के साथ प्रत्येक तहसील में एक-एक मोबाइल ट्रांसफार्मर तैयार रखने को कहा।
नगरीय और तहसील स्तर पर बिजली कंट्रोल रूम स्थापित करने के साथ प्रमुख स्थानों के ट्रांसफार्मरों की ओवरहालिंग कराने की मांग भी रखी। बिजली विभाग के मुख्य अभियंता बृजेश कुमार ने बताया कि विभाग ने कई काम समय से पहले पूरे कर लिए हैं। शेष कार्य भी जल्द पूरे करा लिए जाएंगे। अधीक्षण अभियंता विनय कुमार ने भी उत्सव के दौरान बेहतर आपूर्ति बनाए रखने का भरोसा दिया। बैठक में मया बाजार, गोसाईगंज, पूरा बाजार, भदरसा समेत शहर व ग्रामीण के प्रतिनिधियों ने पूजा और रामलीला स्थलों से जुड़ी बिजली समस्याएं रखीं।
जर्जर पोल-तार और ट्रांसफार्मरों पर भी चिंता
केंद्रीय समिति के संरक्षक विजय गुप्ता ने बिना स्ट्रीट वायर वाले स्थानों पर तार लगवाने, पोस्टमार्टम हाउस रोड पर केबल डलवाने और जर्जर खंभों की ग्राउटिंग कराने की मांग की। संयोजक गगन जायसवाल ने कहा कि पिछले वर्ष व्यवस्था ठीक रही थी लेकिन इस बार भीड़ और आयोजनों को देखते हुए चुनौतियों के अनुरूप पहले से तैयारी जरूरी है। समिति में बिजली विभाग के प्रभारी तारकेश्वर शर्मा ने ट्रांसफार्मरों के चारों ओर मजबूत बैरिकेडिंग रखने की मांग रखी।