अयोध्या। इंटरनेशनल मास्टर्स गेम्स एसोसिएशन की ओर से अबू धाबी में आयोजित होने वाले ओपन मास्टर्स गेम्स में भारत के खिलाड़ियों की भागीदारी तय हो गई है। इस वैश्विक खेल आयोजन में विश्व के लगभग 40 देशों से करीब 700 खिलाड़ी विभिन्न स्पर्धाओं में प्रतिभाग करेंगे। अंतरराष्ट्रीय शूटिंग प्रतियोगिता में अयोध्या के दो खिलाड़ियों का चयन भारतीय टीम में हुआ है। सीनियर मास्टर वर्ग में डॉ. डीआर भुवन व मास्टर वर्ग में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक दीपक कुमार दुबे भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। वहीं मास्टर महिला वर्ग में लखनऊ से डॉ. अलीशा सैयद और पश्चिम बंगाल से शालिनी वेद पाठक का चयन किया गया है। भारतीय टीम के प्रबंधन की जिम्मेदारी प्रतीक बोरसे को सौंपी गई है। चयनित खिलाड़ी लंबे समय से शूटिंग खेल में निरंतर अभ्यास और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए जाने जाते हैं। इस अवसर पर सीनियर मास्टर खिलाड़ी डॉ. डीआर भुवन ने कहा कि उम्र केवल एक संख्या है, असली ताकत निरंतर अभ्यास, अनुशासन और आत्मविश्वास में होती है। वहीं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी दीपक कुमार दुबे ने बताया कि भारतीय टीम कड़े प्रशिक्षण से गुजर रही है और वैश्विक मंच पर देश का नाम रोशन करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।