रानीबाजार/बीकापुर। दुर्गा पूजा महोत्सव देखने जा रहे दो दोस्तों की बाइक में तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। दुर्घटना के बाद चालक कार छोड़कर मौके से भाग निकला। स्थानीय लोगों की मदद से पूराकलंदर पुलिस दोनों घायलों को जिला अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसा शनिवार रात रायबरेली रोड स्थित कुरावां मोड़ के पास हुआ। मृतकों की पहचान भाभा साखू पारा गांव निवासी राजदेव यादव (55) और रामू रावत (52) के रूप में हुई है। दोनों रात करीब 10 बजे कुरावा जा रहे थे। रविवार को दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। हादसे में दो लोगों की मौत से उनके परिवारों में कोहराम मच गया है। पूरे गांव में मातम पसरा है।
थानाध्यक्ष अश्वनी पांडेय ने बताया कि हादसे में बाइक सवार दोनों लोगों की मौत हो गई है। दुर्घटना करने वाली कार को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है, जबकि चालक मौके से भाग गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
ग्रामीणों के अनुसार, रामू रावत के तीन बेटे और एक बेटी हैं, जबकि राजदेव यादव के चार बेटे और एक बेटी हैं। दोनों कृषि कार्य और दैनिक मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिवार के दो कमाऊ सदस्यों की मौत से परिजनों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।
फोटो 06-मृतक राजदेव यादव-संवाद