35-अयोध्या महोत्सव न्यास की गरबा नाइट में शामिल महिलाएं।-संवाद
अयोध्या। कन्या पूजन और नारी शक्ति के सम्मान के साथ रविवार को अयोध्या महोत्सव न्यास की गरबा नाइट का आगाज हुआ। श्री मणिराम दास छावनी के उत्तराधिकारी महंत कमलनयन दास ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद नौ कन्याओं का पूजन किया गया और विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाली नौ महिलाओं को सम्मानित किया गया। देर शाम गरबा की धुन पर प्रतिभागियों ने पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत कर समां बांध दिया।
गरबा नाइट में अयोध्या के साथ गोंडा, लखनऊ, अंबेडकरनगर और सुल्तानपुर के कुल 1210 पंजीकृत प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के समूह वर्ग में ऐश्वर्या, आयुषी, आदर्श यादव, कार्तिक, रीतिका, प्रेरणा शुक्ला, अनिता वर्मा और पूजा रस्तोगी के समूहों को पुरस्कृत किया गया। ड्यूएट और कपल वर्ग में भी प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। वहीं, सानिध्य को गरबा किंग और आराध्या जायसवाल को गरबा क्वीन चुना गया।
अयोध्या महोत्सव न्यास के अध्यक्ष हरीश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि लोक संस्कृति और परंपराओं के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से न्यास पिछले दस वर्षों से गरबा नाइट का आयोजन कर रहा है। कार्यक्रम में निहारिका श्रीवास्तव, शैल कुमारी, बबिता, देवी समृद्धि, मांडवी सिंह, पूनम दुबे, वर्तिका आदि मौजूद रहीं।