अयोध्या। अगस्त माह में जिले में डेंगू के दो और मलेरिया के छह मरीज सामने आए हैं। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार अब तक डेंगू के कुल चार और मलेरिया के 17 मरीज मिल चुके हैं। जिला एपीडिमियोलॉजिस्ट डॉ. अरविंद श्रीवास्तव ने बताया कि मरीजों की निगरानी की जा रही है। प्रभावित क्षेत्रों में जांच और बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें सक्रिय हैं। लोगों को घरों के आसपास पानी जमा न होने देने, साफ-सफाई रखने और मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी जा रही है। बुखार या अन्य लक्षण होने पर तत्काल स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराने की अपील की गई है।