डूबे बालक की तलाश करती एसडीआरएफ की टीम।
सोहावल। अधिमास में परिवार के साथ सरयू नदी के ढेमवा नहाने गए दो बालक गहरे पानी में जाने से डूब गए। बचाने गए पिता ओमकार भी डूबने लगे तो ग्रामीणों ने किसी तरह बचाकर बाहर निकाला। पुलिस प्रशासन की सूचना पर पहुंची एसडीआरएफ टीम ने दो घंटे की मशक्कत के बाद एक बालक का शव बरामद कर लिया है। दूसरे बालक की तलाश देरशाम तक जारी रही।घटना शनिवार सुबह की है। गौरा ब्राह्मणान मजरे पूरे तरसावन संजयगंज के ओमकार गुप्ता अपनी पत्नी और दो बेटों आदित्य (11) तथा दिव्यांश (10) के साथ सरयू स्नान करने गए थे। उनके साथ इसी गांव के निवासी अर्जुन प्रजापति और उनका बेटा शिवांश प्रजापति (12) भी थे। यह परिवार अधिमास के दौरान प्रतिदिन सरयू में स्नान करता रहा है। नहाते समय आदित्य तो नदी से बाहर निकल आया, लेकिन दिव्यांश और शिवांश गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। उन्हें बचाने के प्रयास में पिता ओमकार गुप्ता भी फिसलकर गहरे पानी में चले गए। मौके पर मौजूद एक ग्रामीण ने डंडे की मदद से ओमकार गुप्ता को डूबने से बचा लिया। हालांकि, तब तक दोनों किशोर नदी में बह चुके थे। इस हृदय विदारक घटना से दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम तत्काल मौके पर पहुंची।सोहावल एसडीएम सविता देवी, नायब तहसीलदार रेशू जैन, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बलवंत चौधरी, सीओ सदर अरविंद सोनकर और रौनाही प्रभारी रतन कुमार शर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय गोताखोरों के साथ राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) को भी बुलाया। लगभग तीन घंटे की गहन मशक्कत के बाद घटनास्थल से कुछ दूरी पर दिव्यांश का शव बरामद किया गया। शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
दूसरे किशोर शिवांश प्रजापति की तलाश अभी भी जारी है। एसडीएम सविता देवी ने बताया कि शव की तलाश के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इस मामले में नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन और पुलिस की टीमें लगातार खोजबीन में जुटी हैं।
घटना की सूचना पर सपा सांसद अवधेश प्रसाद, भाजपा विधायक डॉ. अमित सिंह चौहान, सपा नेता अनूप सिंह, फिरोज खान गब्बर, खान, एजाज अहमद समेत सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण भी पहुंचे। सपा नेता फिरोज खान गब्बर ने घटना पर गहरा खेद व्यक्त किया और कहा कि सरयू नदी के विभिन्न घाटों पर अक्सर नहाते समय बालकों के डूबने की घटनाएं बढ़ रही है। उन्होंने शासन- प्रशासन से अयोध्या, वाराणसी, हरिद्वार की तरह सरयू नदी घाट पर बैरिकेडिंग करवाने की मांग की है।