तारुन। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) तारुन के अधीक्षक डॉ. अंशुमान गुप्ता ने बृहस्पतिवार को क्षेत्र के आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान परसांवा महोला और नागपाली स्थित दो केंद्र बंद मिले। दोनों केंद्रों पर तैनात सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) अनुपस्थित मिलीं। मामले में संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी है।
निरीक्षण के दौरान बरांव स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर खुला मिला। यहां सीएचओ श्वेता देवी मरीजों का उपचार करती मिलीं। केंद्र पर 18 मरीजों की ओपीडी हुई थी। इसके अलावा पांच मरीजों का टेली-कंसल्टेशन और 10 मरीजों की गैर-संचारी रोग (एनसीडी) स्क्रीनिंग की गई थी।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. अंशुमान गुप्ता ने बताया कि आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का नियमित संचालन अनिवार्य है, ताकि ग्रामीणों को घर के नजदीक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। परसांवा महोला और नागपाली के केंद्र बंद मिलने को गंभीरता से लिया गया है। संबंधित सीएचओ के खिलाफ कार्रवाई के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी को पत्र भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही और ड्यूटी से अनुपस्थित रहने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।