बीकापुर। प्रयागराज हाईवे पर शुक्रवार की रात 11 बजे तेज रफ्तार ट्रक 33,000 वोल्ट के बिजली पोलों से टकरा गया। तेज आवाज के साथ केबल, जंफर और तीन बिजली पोल टूटकर हाईवे पर फैल गए। बिजली सप्लाई होने के भय से अफरा-तफरी मच गई। हाईवे पर दोनों तरफ दो किलोमीटर तक बड़े वाहनों की लाइन लग गई। करीब एक घंटे तक आवागमन बाधित रहा।
तार व खंभे टूटने से नगर पंचायत बीकापुर के अलावा चांदपुर और दराबगंज ग्राम पंचायत की करीब 20,000 आबादी प्रभावित रही। दूसरे दिन शनिवार को शाम तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की भी आपूर्ति बाधित हो गई है। अधीक्षक डॉ. अवधेश कुमार सिंह ने बताया कि अस्पताल में भर्ती मरीजों को दिक्कत हो रही है।
रात में जेनरेटर चलाकर काम चलाया गया। बीकापुर के एसडीओ मनोज कुमार मौर्य ने बताया कि विद्युत पोल, जंपर और तार क्षतिग्रस्त होने से काफी नुकसान हुआ है। सामान आने के बाद लाइन को दुरुस्त कराया जाएगा, तभी आपूर्ति बहाल हो सकेगी। उधर, हादसा करने वाला चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया है।