अयोध्या। राज्य कर विभाग के अधिकारी व कर्मचारियों को अब कार्यालय परिसर में ही आवासीय सुविधा मिल सकेगी। इसके लिए आठ करोड़ की लागत से ट्रांजिट हॉस्टल बनेगा। इसका भूमिपूजन शनिवार को हुआ है। 15 माह में भवन बनकर तैयार होने का दावा किया जा रहा है।
सिविल लाइन क्षेत्र के मोदहा के पास राज्य कर विभाग का कार्यालय है। यहां तैनात होने वाले अधिकारी व कर्मचारियों के लिए आवासीय सुविधा बेहतर नहीं है। इसके लिए शासन स्तर से कवायद चली तो आठ करोड़ से ट्रांजिट हॉस्टल बनाने की स्वीकृति मिली थी। इसके लिए यूपीपीसीएल (उप्र प्रोजेक्ट कॉरपोरेशन लिमिटेड) को कार्यदायी संस्था नामित किया गया था। शनिवार को अपर आयुक्त ग्रेड-1 संतोष कुमार, कार्यदायी संस्था के प्रोजेक्ट मैनेजर विनय कुमार जैन की मौजूदगी में हॉस्टल के निर्माण के लिए भूमिपूजन हुआ है। अपर आयुक्त ग्रेड-1 ने बताया कि भवन बनने के बाद आवासीय सुविधा परिसर में ही मिल सकेगी, जिससे विभागीय अधिकारी व कर्मचारियों को सहूलियत होगी। गुणवत्तापूर्ण निर्माण के लिए कार्यदायी संस्था के लोगों से वार्ता की गई है। इस मौके पर संयुक्त कर आयुक्त विनोद यादव, उपायुक्त वीरेंद्र नारायण वर्मा, नाजिर अनुराग द्विवेदी आदि मौजूद रहे।