मिल्कीपुर। ओवरलोडिंग करने पर कार्रवाई से बचने के लिए नंबर प्लेट पर टेंपरिंग कर हाईवे पर फर्राटा भर रहे ट्रेलर व डंपर हादसों का सबब बन रहे हैं। ऐसे वाहन आए दिन दुर्घटना को अंजाम देकर आसानी से फरार होने में कामयाब हो जाते हैं और फिर पकड़ में भी नहीं आते हैं।
प्रशासन की नजरों में धूल झोंक कर राष्ट्रीय राजमार्ग पर दौड़ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर व डंपर किसी यमदूत से कम नहीं है। इन वाहनों से सरकार के निर्देशों को दरकिनार कर मोरंग, गिट्टी व बालू की ओवरलोड ढुलाई की जा रही है। परिवहन विभाग व पुलिस की ओर से ओवरलोडिंग पर की जाने वाली कार्रवाई से बचने के लिए ट्रेलर व डंपर चालक वाहनों में लगे हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट पर नंबरों से छेड़छाड़ कर देते हैं।
नंबरों पर ग्रीस, मोबिल, तारकोल व मिट्टी का लेप लगा दिया जाता है। इसकी वजह से ओवरलोडिंग पर होने वाले ऑनलाइन चालान से आसानी से बच निकलते हैं। साथ ही दुर्घटना हो जाने पर बचकर भाग निकलने में भी आसानी रहती है। कोई भी आसानी से इनका नंबर नहीं पढ़ पाता है। ताजा मामला शनिवार की रात थाना इनायतनगर पुलिस के पेट्रोलिंग वाहन में ट्रेलर के टक्कर मारने का है।
पुलिस वाहन में टक्कर मारने वाले ट्रेलर के के नंबर प्लेट पर कोई पदार्थ लगाकर टेंपरिंग की गई थी। पीछे की तरफ की नंबर प्लेट ही गायब थी। काफी मशक्कत के बाद वाहन की चेसिस नंबर से सर्च करने पर ट्रेलर का रजिस्ट्रेशन नंबर पुलिस को मिल सका। इस संबंध में जब एआरटीओ प्रशासन राजेश सिंह से बात की गई तो उन्होंने बताया कि समय-समय पर अभियान चलाकर ऐसे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जाती है। शीघ्र ही अभियान चलाकर नंबर प्लेटों की जांच की जाएगी। टेंपरिंग पाए जाने पर कार्रवाई भी की जाएगी।