अयोध्या। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने अयोध्या जनपद के विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के निर्वाचक नामावलियों एवं निर्वाचन से संबंधित अन्य विषयों की समीक्षा की। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि अयोध्या जनपद की विधानसभा रुदौली, मिल्कीपुर(अजा), बीकापुर, अयोध्या एवं गोसाईगंज में कुल 1908677 मतदाता हैं, इसमें 995890 पुरुष एवं 912693 महिला मतदाता हैं। इसमें 18 से 19 वर्ष के युवा मतदाताओं की संख्या 20045 है। दिव्यांग मतदाता 16107 हैं और वयोवृद्ध मतदाताओं की संख्या 557 है।
अभी विशेष पुनरीक्षण के दौरान 23466 मतदाता फॉर्म मिले हैं, जिनका सत्यापन किया जा रहा है, इसमें फॉर्म-6 के 12638 फॉर्म, फॉर्म-7 के 1589 फार्म और फॉर्म-8 के 9239 फार्म है। उन्होंने बताया कि सभी मतदेय स्थलों में आवश्यक न्यूनतम सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसमें जरूरी फर्नीचर, हेल्प डेस्क, विद्युत व्यवस्था, रैंप, टॉयलेट, पीने के पानी और साइनेज आदि की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए गए हैं। जनपद के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में कुल 2053 मतदेय स्थल है, इसमें 418 शहरी और 1635 ग्रामीण क्षेत्रों में है। 1132 मतदान केंद्र हैं इसमें 152 शहरी और 980 ग्रामीण क्षेत्रों में हैं।
उन्होंने बताया कि जनपद में कुल 207 सुपरवाइजर और 2053 बीएलओ की नियुक्ति की गई है। इसी प्रकार किसी भी मतदेय स्थल पर 1200 से अधिक मतदाता होने पर मतदेय संभाजन की स्थिति में 234 मतदेय स्थल और बढ़ने की संभावना है। बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे, उप जिला निर्वाचन अधिकारी अनिरुद्ध प्रताप सिंह और समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी व सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी उपस्थित रहे।