बीकापुर। क्षेत्र के कुढ़ा, कल्याणपुर चकडुहिया गांव में रिश्तेदारी में आए पिता और मासूम बेटे सहित तीन की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। तीनों के मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
हैदरगंज क्षेत्र के गौहानी निवासी अल्ताफ (22) की ससुराल बीकापुर के कुढ़ा कल्याणपुर चकडुहिया गांव में है। बुधवार को अल्ताफ पत्नी और दुधमुहे बच्चे अल्तमश (7 माह) के साथ ससुराल आए थे। देर शाम भोजन करके अल्ताफ, उनका बेटा अल्तमश और साला तफसीर (15) एक तख्त पर पर सोए थे। दूसरे तख्त पर अल्ताफ की पत्नी और परिवार के अन्य लोग सोए थे।
बृहस्पतिवार सुबह करीब चार बजे अल्ताफ और तफसीर की तबियत खराब हो गई। सभी को गले में खराश और सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। परिजन अल्ताफ व तफसीर को जिला अस्पताल ले गए। वहां तफसीर की मौत हो गई। अल्ताफ को मेडिकल कॉलेज दर्शन नगर रेफर किया गया, जहां उनकी भी मौत हो गई।
वहीं, शहर के एक निजी अस्पताल अस्पताल में इलाज के दौरान देर रात अल्तमस की भी मौत हो गई। अल्ताफ का पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। तीनों की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सुबह से ही मृतक के घर पर शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का ताता लगा रहा। मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। आशंका जताई जा रही है कि किसी जहरीले जंतु के काटने या फूड प्वॉइजनिंग से उनकी मौत हुई है।
वहीं, तीन मौत की जानकारी होने पर तहसील प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और पुलिस विभाग हरकत में आया। एसडीम श्रेया, सीओ पीयूष, कोतवाल लालचंद सरोज आदि गांव आए और जांच-पड़ताल की। स्वास्थ्य टीम में शामिल डॉ. अनुराग गुप्ता ने बताया कि फूड प्वॉइजनिंग का मामला प्रतीक नहीं हो रहा है। परिजनों ने बताया कि शाम को दाल-चावल, रोटी-सब्जी बनी थी। परिवार के अन्य लोगों की तबियत नहीं खराब हुई है।
25-बीकापुर के कुढ़ा गांव में तीन लोगों की मौत के बाद जांच करती स्वास्थ्य टीम।-संवाद