अयोध्या। रुदौली पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली चोर गिरोह का खुलासा किया है। गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार करके उनके कब्जे से चोरी की दो ट्रॉली और घटना में प्रयुक्त लगभग 10 लाख रुपये का ट्रैक्टर बरामद किया है।
सोमवार को रिजर्व पुलिस लाइन सभागार में घटना का खुलासा करते हुए एसपी ग्रामीण बलवंत चौधरी ने बताया कि 13 दिसंबर को शुजागंज के मो. तौफीक ने घर के बाहर से उनके ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। एसओजी की मदद से पुलिस छानबीन कर रही थी। इस दौरान ऑपरेशन त्रिनेत्र और सीसीटीवी फुटेज व अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
आरोपियों की पहचान गोंडा जिले के नवाबगंज क्षेत्र के दत्तनगर, साखीपुर निवासी विष्णु सिंह, रुदौली के मिर्जापुर निवासी अर्जुन रावत, खंडासा क्षेत्र के अमानीगंज बाजार निवासी अभिषेक सिंह उर्फ नितिन के रूप में हुई है। आरोपियों के कब्जे से दो ट्रॉली और एक ट्रैक्टर बरामद हुआ है। आरोपियों ने एक ट्रॉली बाराबंकी जिले से चुराई थी। ट्रैक्टर के संबंध में छानबीन की जा रही है। इस मौके पर कोतवाल रुदौली संजय मौर्य, एसओजी प्रभारी अमरेश त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।