अयोध्या। राम मंदिर की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट नए सिरे से मंथन कर रहा है। चढ़ावा चोरी की घटना के बाद दर्शन, दान, चढ़ावे की गणना और सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव की तैयारी तेज हो गई है।
इसके लिए ट्रस्ट देश के प्रमुख मंदिरों की व्यवस्थाओं का अध्ययन कर रहा है। इसी क्रम में ट्रस्ट की एक टीम शिरडी स्थित साईं बाबा मंदिर का दौरा कर अयोध्या लौट आई है। अब टीम तिरुपति बालाजी मंदिर जाकर वहां की व्यवस्थाओं का अध्ययन करेगी।
ट्रस्ट के सीईओ सेवानिवृत्त एयर मार्शल जितेंद्र मिश्र के नेतृत्व में टीम ने शिरडी के साईं मंदिर में व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान दर्शन प्रबंधन, श्रद्धालुओं की आवाजाही, दान प्रक्रिया, चढ़ावे की गणना और सुरक्षा इंतजामों को समझा गया। अब इसी कड़ी में टीम जल्द ही तिरुपति बालाजी मंदिर के दौरे पर जाएगी। यहां बड़े पैमाने पर श्रद्धालुओं के आगमन और दान प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाओं का अध्ययन किया जाएगा।
चढ़ावा चोरी की घटना के बाद दान और उसकी गणना की प्रक्रिया को लेकर नए सिरे से व्यवस्था बनाने की जरूरत महसूस की जा रही है। ट्रस्ट का जोर ऐसी प्रणाली विकसित करने पर है, जिसमें दान की प्राप्ति से लेकर उसकी गणना और सुरक्षित रखरखाव तक हर स्तर पर निगरानी और पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।