तारुन। थाना क्षेत्र के बारा गांव में हुई सेवानिवृत्त अमीन की हत्या में बाहरी लोगों के शामिल होने की भी आशंका है। हत्या का तरीका और घटनास्थल देखकर इसका अंदाजा लगाया जा रहा है। वहीं, नामजद मुख्य आरोपी अब तक पुलिस की पकड़ से दूर हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए टीम लगाई गई है।
रविवार रात में बारा गांव निवासी सेवानिवृत्त कुर्क अमीन कर्मराज (65) की नलकूप पर सोते समय धारदार हथियार से हत्या की गई थी। रविवार सुबह मृतक के बेटे दिनेश ने अपनी चचेरी भाभी कृष्णावती, उनके बेटे अरविंद और दीपक को नामजद करते हुए केस दर्ज कराया था। घटना में गांव के ही राजकुमार पर साजिश का आरोप लगाया था। पुलिस ने केस दर्ज करके कृष्णावती और राजकुमार को हिरासत में लिया था। जबकि, अरविंद और दीपक गांव से फरार हो गए थे। उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
सूत्रों के अनुसार आरोपी एक युवक पूर्व में कैंट थाना क्षेत्र में हुई लूट की घटना में पड़ोसी गांव के दो युवकों के साथ संलिप्त था। इसलिए हत्या में बाहरी लोगों के भी होने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल इसके ठोस साक्ष्य पुलिस के हाथ अब तक नहीं लगे हैं। थानाध्यक्ष संदीप त्रिपाठी ने बताया कि अलग-अलग टीम मामले की छानबीन कर रही हैं। कुछ सुराग हाथ लगे हैं। शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।