पूराबाजार। महराजगंज पुलिस ने वाकरगंज बाजार में हुई लाखों रुपये की चोरी का खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में एक पुरुष और एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के आभूषण और नकदी बरामद की गई है।
यह चोरी आठ जुलाई को एक बंद मकान का रोशनदान तोड़कर की गई थी। दुर्गापुर रमपुरवा निवासी सुमित कुमार तिवारी ने इसकी शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनके भाई सुशील कुमार तिवारी के मकान से चोरों ने करीब चार लाख छह हजार रुपये की नकदी और सोने-चांदी के जेवरात चुराए थे। पुलिस ने शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की। एसएसपी के निर्देश पर गठित टीम ने शनिवार सुबह मया बाजार बाईपास से सुंदर और शीला को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद पुलिस ने उनके पास से चोरी के आभूषण और नौ हजार रुपये नकद बरामद किए। बरामद सामान में अंगूठियां, झुमकी, लॉकेट, मांगटीका, करधनी, पायल और ब्रासलेट शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, यह सामान इसी चोरी की वारदात से संबंधित है।
गिरफ्तार आरोपी सुंदर का लंबा आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ चोरी, एनडीपीएस और आबकारी अधिनियम के तहत कई मामले दर्ज हैं। महिला आरोपी शीला के विरुद्ध भी चोरी के मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।