अयोध्या। पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में गिरफ्तार यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा अयोध्या भी आई थी। रामलला के दर्शन मार्ग से जय श्रीराम कहते हुए उसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। 32 सेकेंड के वीडियो में वह रामलला की धरती को पावन बता रही है। उसने माथे पर जय श्रीराम का टीका भी लगा रखा है।
यह वीडियो देखने में सर्दी के मौसम का लग रहा है। इसमें वह रामलला का दूर से दर्शन करने के लिए कह रही है। वीडियो में ज्योति के पीछे अमावां मंदिर का शिखर कलश दिख रहा है, जो रामलला के दर्शन मार्ग से सटा हुआ है। अब ज्योति अयोध्या कब आई, उसके साथ कितने लोग आए, कहां-कहां घूमे, अयोध्या में कहां पर रहे और किस-किस से संपर्क किया, इन बिंदुओं को खंगाला जा रहा है।
इस मामले में खुफिया विभाग और पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि रोज रामलला का दर्शन करने के लिए करीब दो लाख लोग सर्दी के मौसम में आ रहे थे। उनमें ऐसे तत्वों को ढूंढ़ कर अलग करना, वह भी तब जबकि वह अपने आप को धार्मिक रंग में डूबा दिखा रहा हो, कठिन हो जाता है। फिलहाल खुफिया विभाग की टीम छानबीन करने में जुट गई है।