अयोध्या। अवध विश्वविद्यालय की विषम सेमेस्टर परीक्षाएं सोमवार से शुरू हो गईं। पहले दिन विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों के 313 परीक्षा केंद्रों पर 14,398 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। स्नातक और परास्नातक पाठ्यक्रमों की ये परीक्षाएं 23 दिसंबर तक चलेंगी।
पहले दिन परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए कुलपति डॉ. बिजेंद्र सिंह खुद निरीक्षण पर निकले। उन्होंने तीन केंद्रों पर पहुंचकर परीक्षा कक्षों से लेकर सीसीटीवी कैमरों के जरिये हो रही निगरानी तक की व्यवस्था देखी।
कुलपति ने चौधरी चरण सिंह महाविद्यालय, बरसंडी, सोहावल, मां वैष्णो बालिका महाविद्यालय, देवराकोट और कुं चंद्रावती महाविद्यालय, मुमताज नगर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा कक्षों में परीक्षार्थियों की उपस्थिति और सीसीटीवी कैमरों के जरिये हो रही निगरानी का जायजा लिया। कुलपति ने केंद्राध्यक्षों को परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नकल या किसी भी तरह की अनियमितता मिलने पर जिम्मेदारों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।