अयोध्या। 40 दिनों के बाद शुक्रवार को अधिकतम तापमान सर्वाधिक रहा। ऐसे में सुबह से तेज धूप की तपिश के बीच उमस भरी गर्मी ने हर किसी को हलकान कर दिया। शाम होने के बाद भी लोगों को राहत नहीं मिल सकी। मौसम के इस मिजाज को देख सभी हतप्रभ रहे। सितंबर के आखिरी सप्ताह में मई-जून जैसा अहसास हुआ।
शुक्रवार को सुबह से ही तेज धूप ने झुलसाना शुरू कर दिया। गर्मी के साथ उमस भी परेशान किए रही। घरों से बाहर निकले स्कूली बच्चों के साथ कामकाजी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पंखे और कूलर भी राहत देने में विफल रहे। सिर्फ एसी में सुकून मिल सका। दिनभर पसीने से तरबतर लोगों को शाम होने के बाद भी गर्मी के तेवरों का सामना करना पड़ा।
मौसम के ऐसे मिजाज के बीच एक दिन पहले की तुलना में दो डिग्री के इजाफे के साथ अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री ऊपर 36 पर पहुंच गया। इसके पहले 17 अगस्त को अधिकतम तापमान सामान्य से 4.4 डिग्री ज्यादा 37 रिकॉर्ड किया गया था। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 2.5 डिग्री की छलांग लगाते हुए 27 पर पहुंच गया। सापेक्षिक आर्द्रता 83 प्रतिशत रही।