अयोध्या। उत्तर प्रदेश की अंडर-17 छात्रा क्रिकेट टीम 69वीं राष्ट्रीय विद्यालयीय क्रिकेट प्रतियोगिता में भाग लेने को तैयार है। यह प्रतियोगिता 29 अप्रैल से 3 मई तक हरियाणा के रोहतक में आयोजित होगी। डॉ. भीमराव अंबेडकर राज्य विद्यालयी क्रीड़ा संस्थान के प्राचार्य ने इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं। चयनित खिलाड़ियों को सोमवार सुबह 10 बजे मकबरा स्टेडियम, अयोध्या में एकत्र होने को कहा गया है। यहां से टीम सामूहिक रूप से प्रतियोगिता के लिए रवाना होगी।
संस्थान प्रशासन ने सभी संबंधित जिलों के जिला विद्यालय निरीक्षकों को खिलाड़ियों को समय पर कार्यमुक्त कर अयोध्या भेजने का निर्देश दिया है। खिलाड़ियों को अपने साथ आधार कार्ड, पिछली कक्षा की अंकतालिका और जन्म प्रमाणपत्र की मूल प्रति लाना अनिवार्य है। प्रदेश स्तरीय चयन के आधार पर टीम का गठन किया गया है।
टीम के साथ करिश्मा वार्ष्णेय कोच और पूनम गुप्ता टीम मैनेजर नामित की गई हैं। प्रभात ललित नोक्स को एचओडी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। संस्थान ने खिलाड़ियों और स्टाफ के लिए यात्रा, भोजन व अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं। प्राचार्य ने टीम से प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर राज्य का नाम रोशन करने की उम्मीद जताई है।
इनसेट
अंडर-17 बालिका क्रिकेट टीम में चयनित खिलाड़ियों में श्रेया यादव, डॉली, गरिमा सिंह, चन्दा, सुनीता कुमारी, ऋतिका माथुर, नेहा, अर्चना कुमारी, आराध्या गुप्ता, कोहिनी, शिवा यादव, नीशू, उन्नति सैनी, प्रियांशिका सोनी, सोनी राजपूत, महविश शामिल हैं।