कुमारगंज। डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित अंतर महाविद्यालय वॉलीबॉल पुरुष प्रतियोगिता का आयोजन रामनेवाज सिंह पीजी कॉलेज में किया गया। रोमांचक मुकाबलों वाली प्रतियोगिता में अवध विश्वविद्यालय आवासीय परिसर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया।
प्रतियोगिता में पांच महाविद्यालयों की टीमों ने भाग लिया। इनमें अवध विश्वविद्यालय आवासीय परिसर, रामनेवाज पीजी कॉलेज, देव इंद्रावती पीजी कॉलेज, केएनआई सुल्तानपुर और लाल बहादुर शास्त्री पीजी कॉलेज, गोंडा शामिल रहे। इसके अलावा छह महाविद्यालयों के खिलाड़ियों ने एकल परीक्षण में प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
पहले सेमीफाइनल में आवासीय परिसर की टीम ने लाल बहादुर शास्त्री पीजी कॉलेज को 25-11 और 25-9 से सीधे दो सेटों में मात देकर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरे सेमीफाइनल में देव इंद्रावती पीजी कॉलेज ने रामनेवाज पीजी कॉलेज को 25-17 और 25-19 से हराया। इसके बाद हुए एक अन्य मुकाबले में देव इंद्रावती ने केएनआई सुल्तानपुर को 25-16 और 25-17 से पराजित कर फाइनल में जगह बनाई।
फाइनल मुकाबला आवासीय परिसर और देव इंद्रावती पीजी कॉलेज के बीच खेला गया। इसमें आवासीय परिसर की टीम ने 25-14 और 25-17 से लगातार दो सेट जीत कर प्रतियोगिता की ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। मुख्य अतिथि प्रो. आशीष प्रताप सिंह ने कहा कि खेल को विश्वविद्यालय में विशेष महत्व दिया जा रहा है। उन्होंने छात्रों से खेल के माध्यम से ऊंचाइयों को छूने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि प्रो. अमूल्य सिंह ने कहा कि आज वॉलीबॉल, क्रिकेट व कुश्ती सहित हर क्षेत्र में खिलाड़ी अपनी प्रतिभा से विद्यालय और परिवार का नाम रोशन कर रहे हैं। प्रबंधक डॉ. मनीष सिंह ने कहा कि खिलाड़ी आज हर क्षेत्र में आसान सफलता हासिल कर रहे हैं।
इस दौरान उत्तम सिंह, डॉ. कपिल राणा, डॉ. अनुराग पांडेय, आवासीय परिसर के कोच कुमार मंगलम सिंह, नीरज पटेल, रामकांत पांडेय व अनुपम श्रीवास्तव सहित अन्य गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।