अयोध्या। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के 30वें दीक्षांत समारोह के मौके पर 13 अक्तूबर को प्रकाशित होने वाली अभिव्यक्ति-2025 स्मारिका इस बार नए कलेवर में होगी। इसका विमोचन दीक्षांत समारोह में प्रदेश की राज्यपाल और राज्य विश्वविद्यालयों की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल की ओर से किया जाएगा।
स्मारिका के लिए विश्वविद्यालय के सभी विभागों और संस्थानों की ओर से सात बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी उपलब्ध कराई जा चुकी है। कुलपति डॉ. बिजेंद्र सिंह के निर्देश पर सभी विभागाध्यक्षों, निदेशकों और समन्वयकों ने विभागीय उपलब्धियों और गतिविधियों का संपूर्ण ब्योरा भेजा है। इसमें शैक्षणिक विभाग की स्थापना का वर्ष, पाठ्यक्रम, शोध परियोजनाओं के साथ सेमिनार और कार्यशालाओं के आयोजनों का विवरण शामिल है।
इसी तरह पहली बार स्मारिका में विद्यार्थियों की उपलब्धियों का भी बखान देखने को मिलेगा। उनके प्लेसमेंट के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं में चयन, अवसरंचना और विशेष योगदान के विवरण भी स्मारिका में विशेष रूप से स्थान पाएंगे। इसके पहले की स्मारिकाओं में सिर्फ दो बिंदुओं में ही विभागीय उपलब्धियों को दर्ज किए जाने की परंपरा रही है। इस बार में इसमें पांच बिंदुओं को विस्तार दिया गया है।
इस बारे में आईक्यूएसी के समन्वयक डॉ. पीके द्विवेदी ने बताया कि अभिव्यक्ति स्मारिका के लिए मांगी गई जानकारी सभी विभागों की ओर से उपलब्ध कराई जा चुकी है। दीक्षांत समारोह में विमोचित की जाने वाली स्मारिका में इस बार विश्वविद्यालय की शैक्षणिक, शोध और सामाजिक गतिविधियाें को विस्तार से प्रदर्शित किया जा रहा है। स्मारिका विश्वविद्यालय की शैक्षिक उपलब्धियों का प्रतिविंब होगी।