अयोध्या। भारत और नेपाल के बीच रेल संपर्क को मजबूत करने और दोनों देशों की सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जनकपुर धाम (नेपाल) और अयोध्या कैंट के बीच सरयू-कमला साप्ताहिक एक्सप्रेस का नियमित संचालन शुरू होने जा रहा है। 15595/15596 नंबर की यह ट्रेन गोरखपुर होकर चलेगी। जनकपुर धाम से 28 नवंबर से प्रत्येक शनिवार और अयोध्या कैंट से 30 नवंबर से प्रत्येक सोमवार को इसका नियमित संचालन होगा।
बुधवार को इसकी जानकारी पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार ने दी। बताया कि 15595 जनकपुर धाम- अयोध्या कैंट सरयू-कमला साप्ताहिक एक्सप्रेस 28 नवंबर से प्रत्येक शनिवार को जनकपुर धाम से दोपहर 13:10 बजे रवाना होगी। यह जयनगर से नेपाल समयानुसार 15:25 बजे और भारतीय समयानुसार 15:10 बजे, मधुबनी से 15:50 बजे, शिशो से 17:15 बजे, सीतामढ़ी से 19:05 बजे, रक्सौल से 21:40 बजे और नरकटियागंज से 23:20 बजे छूटेगी।
अगले दिन ट्रेन गोरखपुर सुबह 04:05 बजे पहुंचेगी। यहां से 04:05 बजे प्रस्थान कर बस्ती से 05:22 बजे, मनकापुर से 06:30 बजे और अयोध्या धाम जंक्शन से 07:30 बजे छूटकर सुबह 08:10 बजे अयोध्या कैंट पहुंचेगी।
सोमवार को अयोध्या कैंट से होगी वापसी
वापसी में 15596 अयोध्या कैंट-जनकपुर धाम सरयू-कमला साप्ताहिक एक्सप्रेस 30 नवंबर से प्रत्येक सोमवार को अयोध्या कैंट से शाम 17:50 बजे रवाना होगी। यह अयोध्या धाम जंक्शन से 18:25 बजे, मनकापुर से 19:32 बजे, बस्ती से 20:40 बजे और गोरखपुर से 22:23 बजे छूटेगी। अगले दिन ट्रेन नरकटियागंज से 02:20 बजे, रक्सौल से 03:15 बजे, सीतामढ़ी से 04:47 बजे, शिशो से 06:10 बजे, मधुबनी से 07:02 बजे और जयनगर से भारतीय समयानुसार 10:30 बजे तथा नेपाल समयानुसार 10:45 बजे रवाना होगी। इसके बाद ट्रेन दोपहर 12:40 बजे जनकपुर धाम पहुंचेगी।
ट्रेन में होंगे 17 कोच
सरयू-कमला एक्सप्रेस में कुल 17 कोच लगाए जाएंगे। इनमें शयनयान श्रेणी के सात, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के तीन, वातानुकूलित तृतीय इकोनॉमी श्रेणी के तीन और वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी के दो कोच होंगे। इसके अलावा एक जनरेटर सह लगेज यान और एक एलएसएलआरडी कोच भी लगाया जाएगा।