अयोध्या/पूराबाजार। सरयू के जलस्तर में उतार-चढ़ाव का क्रम जारी है। उतार-चढ़ाव के चलते तटवर्ती इलाकों में कटान का खतरा बढ़ गया है। सरयू चेतावनी बिंदु के नीचे पहुंच गई है, जिससे तटवर्ती इलाकों में बसे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है और फिलहाल बाढ़ का खतरा टल गया है। हालांकि बाढ़ चौकियों को अलर्ट पर रखा गया है। 24 घंटे तटबंधों की निगरानी की जा रही है।
केंद्रीय जल आयोग की रिपोर्ट के मुताबिक मंगलवार की शाम पांच बजे सरयू का जलस्तर 91़ 66 मीटर रिकॉर्ड किया गया जो कि चेतावनी बिंदु 91़ 73 मीटर से छह सेमी. नीचे है। पिछले 24 घंटे में सरयू के जलस्तर में 33 सेमी. की गिरावट दर्ज की गई है। सरयू के जलस्तर में उतार-चढ़ाव के चलते कटान का खतरा बढ़ गया है। पूराबाजार प्रतिनिधि के मुताबिक पूरा बाजार क्षेत्र के कछारी इलाकों में सरयू नदी के बढ़ते जलस्तर से जहां बीते दिनों ग्रामीणों में दहशत का माहौल था, वहीं अब जलस्तर में हो रही कमी से लोगों ने राहत की सांस ली है।
ग्राम पंचायत रामपुर पुवारी माझा के प्रधान रमेश निषाद ने बताया कि सरयू का जलस्तर लगातार तेजी से घट रहा है, जिससे कछार क्षेत्र के लोग राहत महसूस कर रहे हैं। मदरहिया गांव में हो रही नदी कटान को रोकने के लिए सिंचाई विभाग सक्रिय है और कटान स्थल पर लगातार निगरानी के साथ आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। नदी की तलहटी पर बालू की बोरियां डाली जा रही है, जिससे कटान को रोका जा सके।