17-सर्किल कार्यालय से वर्टिकल व्यवस्था के शुभारंभ पर विद्युत सेवा वाहन रवाना करते अधीक्षण अभिय
अयोध्या। शहरी क्षेत्र में रविवार से बिजली निगम की वर्टिकल व्यवस्था लागू हो गई। पहले दिन सभी हेल्प डेस्क पर उपभोक्ताओं ने फोन घनघनाकर शिकायतें दर्ज कराईं। इसके बाद संबंधित कर्मचारियों पर शिकायत अग्रसारित करके समस्या शीघ्रता से दूर कराई गई।
रविवार की सुबह 10 बजे अधीक्षण अभियंता विनय कुमार ने 33 केवी एक्सईएन के कार्यालय से व्यवस्था का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने गैंगमैनों को विद्युत सेवा वाहन के साथ रवाना किया। इससे पहले व्यवस्था के क्रियान्वयन के लिए जरूरी टिप्स दिए। बताया कि कंट्रोल रूम से अग्रसारित होकर आई शिकायतों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाना है। इसमें किसी तरह की लापरवाही करने पर पूरी टीम की जवाबदेही तय होगी। सभी गैंगमैन पूरे सुरक्षा उपकरणों के साथ ही फील्ड में जाएं। इसमें किसी तरह की लापरवाही न की जाए। उन्होंने व्यवस्था से जुड़े एक्सईएन, एई, जेई, कार्यकारी सहायक आदि को उनकी जिम्मेदारी का बोध कराया।
इनसेट
आधा घंटे में दूर हुई फाल्ट
लालबाग बिजली उपकेंद्र पर बने हेल्प डेस्क पर शहर के आर्य कन्या गली के पास रहने वाले श्रीकांत पांडेय ने कॉल किया। उन्होंने अपने घर पर बिजली गुल होने की सूचना दी। हेल्प डेस्क प्रभारी राज उजागिर ने 1912 पर अपने आईडी से शिकायत दर्ज करके संबंधित के पास अग्रसारित कर दिया। वहां से लगभग आधे घंटे में ही संबंधित गैंगमैन ने समस्या का निस्तारण कर दिया। इसी तरह अमानीगंज हेल्प डेस्क पर साहबगंज पुलिस चौकी के पास रहने वाले एसएन सिंह ने शिकायत दर्ज कराई। प्रभारी बृजेश पटेल ने 1912 पर शिकायत दर्ज करके संबंधित अधिकारी के पास अग्रसारित किया, जहां से शीघ्रता से समस्या का निस्तारण कराया गया। अधीक्षण अभियंता विनय कुमार ने बताया कि यह व्यवस्था सुगम बिजली आपूर्ति में मददगार साबित होगी। कार्यों के विभाजन से रिस्पॉन्स टाइम काफी बेहतर रहेगा।