06-मौसम खुलने के बाद गुप्तारघाट में ऊंट की सवारी करते बच्चे व मौजूद लोग।-संवाद
अयोध्या। सर्दी के इस सीजन में चौथी बार बृहस्पतिवार को सबसे ठंडी रात रही। एक बार फिर न्यूनतम तापमान पांच डिग्री पर पहुंच गया। ऐसे में हर कोई ठिठुरने के लिए विवश रहा। शुक्रवार को सुबह कोहरा और बादलों के छंटने के बाद दिन में निकली धूप ने ठंड और गलन से काफी हद तक राहत दी। शाम होने के बाद फिर सर्द हवाओं के साथ गलन का दौर शुरू हो गया।
शुक्रवार को सुबह कहीं हल्का तो कहीं घना कोहरा छाया रहा। सुबह सात बजे तक इसका प्रभाव लगभग खत्म हो गया। इसके बाद भी आसमान में बादल छाए रहे। सुबह 10 बजे के करीब सूर्य ने बादलों से संघर्ष करते हुए झांकने की कोशिश शुरू की। इसके बाद धीरे-धीरे हल्की धूप निकल आई। पूरे दिन धूप की गुनगुनाहट ने ठंड और गलन से जूझने में लोगों की मदद की। घरों के साथ सरकारी कार्यालयों में भी लोग धूप का आनंद लेते नजर आए।
मौसम के ऐसे मिजाज के बीच अधिकतम तापमान बृहस्पतिवार की तुलना में 0.5 प्रतिशत अधिक और सामान्य से 2.7 डिग्री कम 16.5 डिग्री सेल्सियस रहा। न्यूनतम तापमान एक दिन पहले की तुलना में 0.5 डिग्री और सामान्य से 2.1 डिग्री कम पांच पर पहुंच गया। इसके पहले 21 दिसंबर, एक जनवरी और पिछले बुधवार को न्यूनतम तापमान पांच डिग्री पर पहुंचा था।
कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. सीताराम मिश्र ने बताया कि रात के समय बादलों के न रहने से न्यूनतम तापमान में गिरावट बरकरार है। यह क्रम आगे भी जारी रह सकता है। शनिवार को हल्का कोहरा छाने के आसार हैं। रविवार तक दिन में हल्की धूप निकलते रहने की संभावना है। शीतलहर के प्रकोप से अभी निजात मिलने की उम्मीद नहीं है।