अयोध्या। जिले में मंगलवार की सुबह तेज हवाओं संग हुई बारिश से कई उपकेंद्रों की मेन लाइन फेल हो गई। कई जगहों पर बार-बार ट्रिपिंग होती रही। इन वजहों से उपभोक्ताओं को बिजली संकट झेलना पड़ा। हालांकि, बारिश थमते ही बिजलीकर्मियों ने रेस्क्यू करके शीघ्रता से फाल्ट ठीक करवाकर आपूर्ति बहाल कराई।
मंगलवार की सुबह लगभग 11 बजे मौसम ने अंगड़ाई ली। शहर से लेकर देहात तक विभिन्न इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हुई। इसका असर बिजली आपूर्ति पर पड़ा और कई इलाकों में बिजली गुल हो गई। सिविल लाइन उपकेंद्र पर सुबह 11:20 बजे मेन सप्लाई फेल हुई, जो लगभग 20 मिनट बाद बहाल हुई। लगभग एक बजे नरेंद्रालय फीडर की बिजली गुल हुई, जो लगभग 20 मिनट बाद बहाल हुई।
वहीं सुबह 11:44 बजे तेज हवा चलने के कारण मलिकपुर से लालबाग बिजली उपकेंद्र को आ रही 33 केवी मेन लाइन बंद हुई। इसी केंद्र के बहेलिया टोला फीडर में दोपहर 12:15 बजे बिजली गुल हो गई, जो लगभग 20 मिनट बाद बहाल हुई। नियांवा बिजली उपकेंद्र से जुड़े इलाकों में सुबह 11:20 बजे सभी फीडर ट्रिप किए गए। 10 मिनट बाद मेन सप्लाई भी बंद हो गई। लगभग आधा घंटा बाद सभी फीडर नॉर्मल हुए। अंजनीपुरम बिजली उपकेंद्र में भी सुबह 11:30 बजे तेज हवा और बारिश का हवाला देकर बिजली आपूर्ति बाधित कर दी गई।