अयोध्या। जिला अस्पताल के ब्लड बैंक से सात हजार रुपये में खून दिलाने के मामले की जांच कर रही टीम ने बुधवार को ब्लड बैंक में खून देने व लेने से जुड़े दस्तावेज खंगाले हैं। साथ ही पीड़ित व आरोपी से संपर्क भी साधा है। हालांकि दोनों की फोन कॉल रिसीव न होने के कारण अब उन्हें चिट्ठी भेजने की तैयारी है।
मवई के बरौली निवासी अरविंद कुमार ने अपनी भाभी रीना को प्रसव के लिए मवई सीएचसी पर भर्ती कराया था। वहां से सीएचसी रुदौली और वहां से जिला महिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। खून की जरूरत होने पर वह जिला अस्पताल गए तो वहां दो लोग मिले, जिन्होंंने सात हजार रुपये में खून दिलाया। इसका पैसा उसने ऑनलाइन लिया था। मामले में नगर कोतवाली में केस दर्ज है और अस्पताल प्रशासन भी मामले की जांच कर रहा है।
अस्पताल के अधीक्षक डॉ. अजय चौधरी ने बताया कि कागजातों के अनुसार आकाश नामक व्यक्ति के रक्तदान करने पर अरविंद को खून उपलब्ध कराया गया था। अरविंद ने जिस गौतम कुमार नामक व्यक्ति का मोबाइल नंबर उपलब्ध कराया है, उस पर कॉल रिसीव नहीं हो रही है। अब अरविंद भी फोन नहीं उठा रहे हैं। इसलिए दोनों के बयान दर्ज करने के लिए उन्हें अस्पताल बुलाया जाएगा। इसके लिए उन्हें लिखित पत्र भेजा जाएगा। पिछले कई दिनों के खून लेने व देने वालों से संबंधित विवरण भी मांगा गया है।