तारुन। सुल्तानपुर के रहने वाले हिस्ट्रीशीटर की हत्या जानलेवा हमले का बदला लेने के लिए की गई थी। आरोपियों ने विशुन बाबा मंदिर के पास उसको मारडाला और कार में शव लाकर ऐमीघाट पुल से नीचे फेंक दिया था। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से अवैध असलहा, वारदात में प्रयुक्त वाहन आदि बरामदगी हुई है।
थानाध्यक्ष ओपी राय ने बताया कि शुक्रवार सुबह ऐमीघाट पुल के नीचे सूखी तमसा नदी में 25 वर्षीय युवक का शव मिला था। युवक की पहचान सुल्तानपुर जिले के गोसाईगंज थाना के भटपुरा निवासी हिस्ट्रीशीटर शुभम यादव के रूप में हुई थी। शुभम के खिलाफ गोसाईगंज व जयसिंहपुर थाने में मारपीट और लूट के कई मामले दर्ज थे। पिता जय प्रकाश यादव ने युवक के सात दोस्तों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कराया था।
तारुन व एसटीएफ लखनऊ के प्रभारी निरीक्षक महावीर सिंह ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करके तीन आरोपियों को जयसिंहमऊ गांव के पास से गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान हैदरगंज थाना क्षेत्र के बैंतीकला निवासी रणवीर सिंह उर्फ बंटी सिंह, अंबेडकरनगर के भीटी थाना क्षेत्र के मदारभारी निवासी अभिषेक सिंह उर्फ ऋषभ सिंह व गोसाईं का पुरवा सिहोरिया निवासी संदीप गोवामी के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि शुभम ने पूर्व में थाना कूरेभार सुलतानपुर क्षेत्र में रणवीर सिंह उर्फ बंटी सिंह पर जानलेवा हमला किया था। इसी का बदला लेने के लिए उन्होंने शुभम को मौत के घाट उतार दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपियों के पास से एक पिस्टल, कारतूस, कार, मोटर साइकिल, दो मोबाइल फोन व 740 रुपये बरामद हुए हैं। वारदात में शामिल चार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम लगाई गई है।