4-कौशलपुरी में आयोजित हिंदू सम्मेलन में मौजूद लोग
अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के महासचिव चंपत राय ने कहा कि राष्ट्र को सशक्त और समृद्ध बनाने के लिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पिछले 100 वर्षों से लगातार लगा हुआ है। देश की समृद्धि में हिंदू समाज का योगदान काफी महत्वपूर्ण है। उन्होंने हिंदुओं से जाति-पाति छोड़कर एकजुट होने का आह्वान किया। वह कौशलपुरी कॉलोनी में आयोजित हिंदू सम्मेलन में बोल रहे थे। समरसता भोज का भी आयोजन किया गया। इसमें संत-समाज, धर्माचार्य, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और हिंदू समाज के लोग शामिल हुए।
सम्मेलन के विशिष्ट अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी प्रोफेसर विक्रमा प्रसाद पांडेय ने कहा कि संघ अपना शताब्दी वर्ष मना रहा है। घर-घर संपर्क अभियान के साथ विश्व में एक लाख हिंदू सम्मेलन करने का लक्ष्य है, ताकि हिंदू समाज को हर जगह उनके महत्व के साथ स्थापित किया जा सके। लक्ष्मण किला पीठाधीश्वर मैथिली रमन शरण ने 500 वर्षों के राम मंदिर संघर्ष का उल्लेख करते हुए इसे राष्ट्र की अस्मिता का स्मारक बताया। इस अवसर पर सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ कराया। अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के जिला अध्यक्ष श्रीप्रकाश पाठक ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य सकल हिंदू समाज को एकत्रित कर एकता के साथ समाज में अपना दायित्व समझने और समाज को उत्साहित करना है।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत सह कुटुंब प्रबोधन प्रमुख प्रो. रमापति मिश्रा, महानगर शारीरिक प्रमुख अवनि कुमार शुक्ला, डॉ. आभा सिंह, डॉ. प्रज्ञा मिश्रा, सरस्वती विद्या मंदिर के प्रधानाचार्य मंगली प्रसाद तिवारी, ओपी इंटर काॅलेज के प्रबंधक अमर सिंह सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
4-कौशलपुरी में आयोजित हिंदू सम्मेलन में मौजूद लोग