जाना बाजार। पानी से लबालब भरे तालाब के अंदर डेढ़ मीटर व्यास में लगभग 20 फीट गहराई में धरती धंस गई। तालाब की मछलियां उसी में समा गईं। घटना से गांव वासी अचंभित हैं। विकासखंड तारुन के चौहान का पुरवा निवासी रामनरेश चौहान ने बताया कि वह और उनके भाई करमजीत निजी भूमि में तालाब खोदवाकर मछली पालन करते हैं। शनिवार को तालाब का पानी धीरे-धीरे कम होने लगा तो ट्यूबवेल चलाकर भरना शुरू किया गया। शनिवार और रविवार को पानी धीरे-धीरे घट रहा था। मंगलवार को देखा तो सारा पानी सूख गया है। तालाब के बीच में डेढ़ मीटर वृत्ताकार में लगभग 20 फीट गहराई में जमीन पूरी तरह धंस गई। मछलियों के साथ सारा पानी उसी में जा रहा था। तालाब में सात किलो मछली के बच्चों को डाल रखा था। इसमें रोहू, नैना, ग्रास, सिल्वर आदि शामिल थीं। यह मामला जानने के लिए गांव के तमाम लोग जुट गए। नायब तहसीलदार रामखेलावन ने बताया कि लेखपाल की रिपोर्ट आने पर जो व्यवस्था होगी, उसी हिसाब से कार्यवाही की जाएगी।