अयोध्या। विधानसभा में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद के ऊपर की गई सीएम योगी आदित्यनाथ की टिप्पणी पर सांसद अवधेश प्रसाद ने पलटवार किया है। शनिवार को कलेक्ट्रेट में हुई बैठक के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह देश शंकराचार्य, संत-महात्मा व सूफी संतों का है। शंकराचार्य कौन होगा, इसका निर्धारण सरकार नहीं करेगी। इसका निर्धारण समाज करता है। कहा कि जिसकी मान्यता साधु, शंकराचार्य, संत-महंत, वैरागी, महात्मा आदि के रूप में है, उसकी पहचान वहां के रहने वाले लोगों के बीच में होती है। इसका प्रमाण पत्र देने की किसी को जरूरत नहीं है। ऐसे महापुरुषों से उनका प्रमाण पत्र मांगना अत्यंत निंदनीय है। सरकार मुख्य मुद्दों पर कभी बात नहीं करती है। आज प्रदेश में जंगलराज कायम है। अपराधी बेखौफ होकर घूम रहे हैं। बहन-बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। बेरोजगारी चरम पर है। हर तरफ त्राहि-त्राहि मची है। किसान लगातार भुखमरी के कगार पर पहुंच रहे हैं, उनकी सुधि लेने वाला कोई नहीं है। सरकार की इन्हीं विफलताओं के कारण प्रदेश की जनता सपा प्रमुख अखिलेश यादव की ओर आशा भरी निगाहों से देख रही है।