फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ayodhya News: दीपों की आभा में दमकेगी पांच कोस की परिधि

Wed, 15 Oct 2025 09:08 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अयोध्या
विज्ञापन
09-दीपोत्सव को लेकर मार्ग के किनारे लगाई जा रही लाइटें।-संवाद
विज्ञापन
अयोध्या। जहां भगवान श्रीराम के चरण पड़े थे, वह नगरी जगमग दीपों की छटा से आलोकित होने के लिए तैयार हो रही है। दीपोत्सव की तैयारी अब अपने चरम पर है। पांच कोस की परिधि के हर एक कोने को चमकाया, सजाया व संवारा जा रहा है। नगर निगम और प्रशासन की टीमें लगातार सजावट का जायजा ले रही हैं। कलाकार घाटों पर रामायण प्रसंगों की झांकियां बना रहे हैं, तो स्वयंसेवक दीपों की कतारें सीधी कर रहे हैं। हर कोई अपने हिस्से का उजाला बांटने को आतुर है।
विज्ञापन

लंका विजय कर 14 वर्ष के बाद अयोध्या लौटे श्रीराम के स्वागत में अयोध्या जिस आनंद में लीन थी। उनके अभिनंदन में अयोध्या का जिस तरह शृंगार किया गया था, उसी तरह के दृश्य जीवंत करने में शासन-प्रशासन जुटा हुआ है। दीपोत्सव में अयोध्या पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को कदम-कदम पर रामायण युग का अहसास होगा। सरयू घाट, राम की पैड़ी, धर्मपथ, रामपथ से लेकर हनुमानगढ़ी, कनक भवन से नागेश्वरनाथ तक, शहर के कोने-कोने में उत्साह और आस्था की लहर दौड़ रही है। अयोध्या धाम की दीवारों पर रंगोलियां श्रीराम की कथाएं रच रही हैं।
रामनगरी के मुख्य प्रवेश द्वार उदया चौराहा से ही तैयारियों की झलक दिखने लगती है। साकेत महाविद्यालय में कारीगर झांकियां सजाने में जुटे हैं। श्रीराम राज्याभिषेक यात्रा में यह झांकियां आकर्षण बढ़ाएंगी। उदया चौराहे से लेकर धर्मपथ तक करीब तीन किलोमीटर के मार्ग को भव्य लाइटिंग, डेकोरेटिव वॉल, इलेक्ट्रिक गेट और कृत्रिम इलेक्ट्रिक लाइटों से सजाया जा रहा है। इसके अलावा रामकथा आधारित करीब 30 तोरण द्वार भी धर्मपथ से लेकर रामकथा पार्क तक बनाए जा रहे हैं। भव्य लाइटिंग सरयू के घाटों की आभा बढ़ाएगी।
विज्ञापन

1100 स्वदेशी ड्रोन आसमान में प्रदर्शित करेंगे रामकथा
अयोध्या। राम की पैड़ी सहित 56 घाटों पर जलने वाले 26 लाख दीयों की आभा भक्ति और उल्लास का प्रतीक बनेगी। कोरियोग्राफ्ड म्यूजिकल ड्रोन शो और 3-डी होलोग्राफिक म्यूजिकल लेजर शो श्रद्धालुओं को अनूठा अनुभव देंगे। पर्यटन विभाग ने ड्रोन शो और लेजर शो प्रस्तुतियों को आमजन के लिए दो दिन 18 व 19 अक्टूबर को आयोजित करने का निर्णय लिया है। स्वदेश निर्मित 1,100 ड्रोन आसमान में रामायण के विभिन्न प्रसंगों की झलकियां प्रस्तुत करेंगे। आकाश में अद्भुत कलाकृतियां उभरकर एक दिव्य दृश्य प्रस्तुत करेंगी। वहीं, 3-डी होलोग्राफिक म्यूजिकल लेजर शो दर्शकों के सामने वास्तविक प्रतीत होने वाली छवियों के माध्यम से अनुभव को यादगार बनाएंगी। श्रद्धालु 18 व 19 अक्टूबर की शाम 07:30 बजे ड्रोन शो और लेजर शो का आनंद ले सकेंगे। संवाद
पुष्पक विमान कराएगा त्रेतायुग का अहसास
- राम की पैड़ी पर बन रहा पुष्पक विमान श्रद्धालुओं को त्रेतायुग का अहसास कराएगा। यहां 24 फीट ऊंचा और 13 फीट चौड़ा पुष्पक विमान बनाया जा रहा है। पुष्पक विमान में माता सीता, भगवान श्रीराम, उनके तीनों भाई की फाइबर की प्रतिमा रहेगी। वाराणसी के कलाकारों ने इस पुष्पक विमान को बनाया है। श्रद्धालु 18 से 20 अक्तूबर तक राम की पैड़ी पर इसका दर्शन कर सकेंगे। पुष्पक विमान एक सेल्फी पॉइंट भी रहेगा। वहीं राम की पैड़ी पर ही आठ फीट ऊंचा राम दरबार बनाया जा रहा है, जिसमें भगवान के स्वरूप बैठेंगे।
गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की टीम पहुंची
गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की टीम बुधवार को अयोध्या पहुंच गई है। टीम के कंसल्टेंट निश्चल बरोट ने बताया कि इस बार दो विश्व रिकॉर्ड बनेगा। 30 लोगों की टीम उनके साथ आई है। जो नए लोग आए हैं उन्हें प्रशिक्षित करने काम किया जा रहा है। सबको अलग-अलग घाट की जिम्मेदारी सौंपी जा रही है। गिनती होते ही तत्काल स्क्रीन पर दीपों की संख्या दिख जाए इसके लिए हमने एक नया साफ्टवेयर विकसित गया है। इस बार तत्काल दीपों की गणना बताई जा सकेगी। दीपोत्सव में इस बार लक्ष्मण घाट को भी जोड़ा गया है। 2100 अर्चक सरयू आरती का नया रिकॉर्ड बनाएंगे।

09-दीपोत्सव को लेकर मार्ग के किनारे लगाई जा रही लाइटें।-संवाद

09-दीपोत्सव को लेकर मार्ग के किनारे लगाई जा रही लाइटें।-संवाद

09-दीपोत्सव को लेकर मार्ग के किनारे लगाई जा रही लाइटें।-संवाद

09-दीपोत्सव को लेकर मार्ग के किनारे लगाई जा रही लाइटें।-संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें