राम मंदिर में पूजन करते इंजीनियर व कर्मचारी।
अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि परिसर में देव शिल्पी भगवान विश्वकर्मा की जयंती पर विशेष पूजन-अनुष्ठान किया गया। मंदिर निर्माण में लगे कारीगरों, श्रमिकों और इंजीनियरों के साथ ट्रस्ट के पदाधिकारी, सुरक्षाकर्मी पूजन में शामिल हुए। करीब दो घंटे तक हवन-पूजन और अनुष्ठान चला। इसके बाद सभी को प्रसाद वितरित किया गया और निर्माण कार्य में लगे श्रमिकों को अवकाश दे दिया गया।
विश्वकर्मा जयंती पर मंदिर निर्माण में प्रयुक्त मशीनों, उपकरणों और यंत्रों का भी पूजन किया गया। राम मंदिर के मुख्य अभियंता जगदीश आफले, एसपी सुरक्षा विजय शंकर मिश्र कार्यदायी संस्थाओं के इंजीनियर और अन्य कर्मचारी पूजन में मौजूद रहे। रामकथा संग्रहालय में भी देव शिल्पी का पूजन किया गया। निदेशक डॉ. संजीव कुमार सिंह ने कहा कि देव शिल्पी भगवान विश्वकर्मा कर्म और सृजन की प्रधानता को सार्थक रूप से स्पष्ट करने वाले देव हैं।