अयोध्या। क्षेत्रीय खेल कार्यालय अयोध्या एवं उत्तर प्रदेश खेल विकास प्रोत्साहन समिति के समन्वय से आयोजित होने वाली जिला स्तरीय जूनियर बालक एवं बालिका तैराकी प्रतियोगिता अब 13 मई के स्थान पर 14 को आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता डॉ. भीमराव अम्बेडकर अंतर्राष्ट्रीय क्रीड़ा संकुल, डाभासेमर के तरणताल में दोपहर तीन बजे से शुरू होगी।
क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी द्वारा जारी संशोधित जानकारी के अनुसार प्रतियोगिता में जनपद के इच्छुक बालक और बालिका खिलाड़ी प्रतिभाग कर सकेंगे। प्रतियोगिता में 50 मीटर फ्री स्टाइल, 100 मीटर फ्री स्टाइल, 50 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक तथा 50 मीटर बैक स्ट्रोक इवेंट आयोजित किए जाएंगे।
खेल विभाग ने जनपद के सभी विद्यालयों और कॉलेजों के प्रधानाचार्यों से अपील की है कि वे अपने-अपने विद्यालयों के खिलाड़ियों को निर्धारित तिथि और समय पर प्रतियोगिता में प्रतिभाग के लिए भेजें। प्रतिभागियों को अपने साथ जन्मतिथि प्रमाण-पत्र एवं आधार कार्ड की छायाप्रति लाना अनिवार्य होगा।
क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी अनिमेष सक्सेना ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य जनपद में तैराकी खेल को बढ़ावा देना तथा प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को मंच उपलब्ध कराना है।