अयोध्या। जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने बताया कि राम मंदिर के पहले तल पर नवनिर्मित राम दरबार और परकोटे के नवनिर्मित छह मंदिरों में प्राण प्रतिष्ठा समारोह का बृहस्पतिवार को समापन होगा। पांच जून को होने वाले प्राण प्रतिष्ठा के मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल होंगे। बताया कि प्राण प्रतिष्ठा के बाद भी राम दरबार और परकोटा के अन्य छह मंदिरों में अभी वीआईपी और सामान्य श्रद्धालुओं को दर्शन उपलब्ध नहीं होंगे। सात जून को राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक में सामान्य श्रद्धालुओं के लिए राम दरबार को खोले जाने की तारीख पर निर्णय किया जाएगा।
डीएम ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में संवाददाताओं से बातचीत में बताया कि अभी राम दरबार समेत अन्य सभी नवनिर्मित मंदिरों में काम चल रहा है। प्रथम चरण में राम दरबार को आम श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोला जाएगा। इसके बाद परकोटा के अन्य छह मंदिरों को दर्शन के लिए खोला जाएगा। परकोटा के मंदिरों में दर्शन शुरू होने की तिथि भी अलग से बताई जाएगी। डीएम ने कहा कि प्राण प्रतिष्ठा समारोह में मुख्यमंत्री के अलावा प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही भी मौजूद रहेंगे। इसके अलावा ट्रस्ट की ओर से आमंत्रित अतिथि शामिल होंगे। मुख्यमंत्री के अन्य कार्यक्रमों की भी तैयारी को पूरा कर लिया गया है। समारोह के दौरान श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को कोई परेशानी नहीं होने दी जाएगी। रामनगरी में यातायात सुचारू रूप से चलता रहेगा।